रीवा
कमिश्नर बीएस जामोद ने कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के लिए विभागवार कार्ययोजना बना दी गई है। हर विभाग जल संरक्षण के कार्यों में सहभागिता निभाएं। नदियों के जल ग्रहण क्षेत्रों में वृक्षारोपण, उद्गम स्थलों की साफ-सफाई तथा पुराने जल स्रोतों के जीर्णोद्धार के कार्य प्राथमिकता से कराएं। कमिश्नर ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए चिन्हित 90 क्लस्टर में किसानों को प्रशिक्षित करें। इन क्षेत्रों में गोपालन को बढ़ावा दें। नरवाई जलाने की घटना रोकने के लिए भी किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाएं। खाद का वितरण अब केवल ई टोकन के माध्यम से कराएं। सभी किसानों की फार्मर आईडी बनाने तथा उन्हें सहकारी समितियों का सदस्य बनाने पर भी विशेष ध्यान दें।
कमिश्नर ने कहा कि मछलीपालन विभाग में सीधी और सिंगरौली जिले में बायोफ्लॉक का निर्माण कराएं। इन जिलों में भौतिक और वित्तीय प्रगति संतोषजनक नहीं है। कमिश्नर ने उप संचालक उद्यानिकी को उद्यानिकी फसलों के क्षेत्र विस्तार तथा विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किसानों को अनुदान की राशि जारी कराएं। कमिश्नर ने कहा कि संभाग में सात अप्रैल से समर्थन मूल्य पर गेंहू का उपार्जन शुरू हो रहा है। सभी खरीदी केन्द्रों में शासन के मापदण्डों के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। पंजीकृत किसानों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराएं। मिलर्स से चर्चा करके धान की मिलिंग में तेजी लाएं जिससे गेंहू भण्डारण के लिए गोदाम उपलब्ध हो सकें। पेट्रोलियम पदाथों तथा एलपीजी के वितरण पर निगरानी रखें। जिन स्थानों से एलपीजी के सिलेण्डर एजेंसियों को प्राप्त हो रहे हैं वहाँ सम्पर्क करके सिलेण्डरों की आपूर्ति बढ़ाएं। रीवा और मैहर जिले में एलपीजी वितरण पर विशेष ध्यान दें।
कमिश्नर ने कहा कि सभी बसाहटों में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें। हैण्डपंपों के सुधार के लिए अतिरिक्त राइजर पाइप एवं सिंगल फेज मोटर की तत्काल व्यवस्था करें। एकल नलजल योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा कराकर उन्हें ग्राम पंचायतों को हैण्डओवर कराएं। बैठक में कमिश्नर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों के निराकरण, राहत राशि के वितरण तथा पशुपालन विभाग की योजनाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, उपायुक्त एलएल अहिरवार तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
क्रमांक-266-850-उमेश तिवारी-फोटो क्रमांक 01 संलग्न है।
जल संरक्षण के कार्यों में हर विभाग सहभागिता निभाए – कमिश्नर