सभी राज्यों के मुख्य सचिवों ने पेश किया अचल संपत्ति का ब्यौरा

आंध्र प्रदेश के चीफ सेक्रेटरी के पास सबसे ज्यादा प्रापर्टी
पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव के पास सबसे कम अचल संपत्ति
नई दिल्ली: देश के सभी मुख्य सचिवों के मुकाबले पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव दुष्यंत नरौलिया के पास सबसे कम अचल संपत्ति है. उनके पास हरियाणा में सिर्फ एक ही फ्लैट मौजूद है. इसका खुलासा देश के सभी राज्यों के मुख्य सचिवों द्वारा पेश किए गए अचल संपत्ति के ब्यौरे से हुआ है. ओडिशा की मुख्य सचिव हर साल किराए से ही 71 लाख रुपए से ज्यादा कमा रही हैं. वहीं सिक्किम के मुख्य सचिव ने मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर में संपत्ति खरीदी है.
जम्मू कश्मीर के मुख्य सचिव अटल डुल्लू के पास अचल संपत्ति के रूप में सिर्फ एक ही संपत्ति मौजूद है. जम्मू में 1 करोड़ 40 लाख रुपए कीमत का एक मकान है, जो उन्हें पिता से विरासत में मिला है. सिक्किम राज्य के मुख्य सचिव रवीन्द्र तैलंग के मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल, इंदौर में अचल संपत्ति मौजूद है. आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव जीसाई प्रसाद के पास करीबन 34 करोड़ की अचल संपत्ति मौजूद है. हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव संजय गुप्ता के पास 10 करोड़ 80 लाख रुपए की अचल संपत्ति मौजूद है. झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार के पास उत्तर प्रदेश, झारखंड, दिल्ली, बिहार राज्य में 10 अचल संपत्तियां मौजूद हैं. ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग हर साल अचल संपत्ति से सालाना 71 लाख रुपए से ज्यादा कमाती हैं. नगालैंड के मुख्य सचिव सेंटियांगर इम्चेन अचल संपत्ति से हर साल 33.58 लाख रुपए कमाते हैं. गुजरात के मुख्य सचिव मनोज कुमार दास अचल संपत्ति से हर साल 8 लाख रुपए कमाते हैं. महाराष्ट्र के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल के पास 4 राज्यों में अचल संपत्ति मौजूद है. इसकी कुल कीमत करीबन 7.97 करोड़ रुपए है. मध्य प्रदेश के प्रशासनिक मुखिया यानी प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन के पास कुल 4.14 करोड़ कीमत की अचल संपत्ति है. बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यम अमृत अचल संपत्ति से हर साल 5.76 लाख रुपए कमाते हैं. असम और मेघालय के मुख्य सचिव शकील पी अहमद के पास केरल के कन्नूर में ही अलग-अलग स्थानों में चार प्रॉपर्टी हैं. उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल के पास नोयडा, लखनऊ और गाजियाबाद में तीन रहवासी प्रॉपटी मौजूद हैं, हालांकि उन्होंने इसकी मौजूदा कीमत नहीं दर्शाई है. छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील की कुल अचल संपत्ति 4 करोड़ 93 लाख 50 हजार रुपए है. केरल की मुख्य सचिव डॉ. ए. जयाथलक के पास डेढ़ करोड़ की अचल संपत्ति मौजूद है. त्रिपुरा के मुख्य सचिव जितेन्द्र कुमार सिन्हा हर साल 7 लाख 32 हजार रुपए अचल संपत्ति के किराए से कमाते हैं. पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा के पास चंडीगढ़ में एक मकान, हाउसिंग सोसायटी में 822 स्क्वायर मीटर का प्लॉट, यमुना एक्सप्रेस वे के नजदीक एक कॉलोनी में प्लॉट और नई दिल्ली में डेढ़ करोड़ रुपए कीमत का एक फ्लैट है.तमिलनाडु राज्य के मुख्य सचिव एम मुरूगनंदम के पास 10 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति मौजूद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *