असम, केरल, पुडुचेरी में 9 अप्रैल को होगी वोटिंग
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होगी वोटिंग
पश्चिम बंगाल में 23-29 अप्रैल को मतदान
4 मई को आएंगे नतीजे
नई दिल्ली : चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषण की. सभी राज्यों में मतगणना चार मई को होगी.मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए दो चरण में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा. उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा. कुमार ने बताया कि केरल, असम और पुडुचेरी के लिए नौ अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा.
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा शुद्ध मतदाता सूची हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है; किसी भी पात्र मतदाता को हटाया नहीं जाना चाहिए और किसी भी अपात्र मतदाता को शामिल नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर तैनात पीठासीन अधिकारी हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत अपलोड करेंगे और चुनाव समाप्त होने के तुरंत बाद मतदान के आंकड़े अपलोड किए जाएंगे. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा प्रत्येक मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी हर दो घंटे में डाले गए मतों की संख्या दर्ज करेंगे ताकि मीडिया के माध्यम से जनता को दी जा रही मतदान प्रतिशत की जानकारी लगभग सटीक हो. पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एक अन्य पहल के तहत डाक मतपत्रों की गिनती ईवीएम से दो चरण पहले की जाएगी. इसी प्रकार, चुनाव से संबंधित सभी आंकड़े मतगणना समाप्त होने के 72 घंटों के भीतर ईसीआई-नेट पर उपलब्ध होंगे. मतगणना समाप्त होने के बाद, हारने वाला उम्मीदवार निर्धारित शुल्क का भुगतान करके वीवीपीएटी गिनती के साथ-साथ ईवीएम की जांच का विकल्प चुन सकता है.”मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा मतदान केंद्र के द्वार के ठीक बाहर, मतदाता अपना मोबाइल जमा कर सकते हैं, अंदर जाकर मतदान कर सकते हैं, बाहर आकर मोबाइल वापस ले सकते हैं और वापस जा सकते हैं. मतदाता जिस उम्मीदवार को चुनना चाहते हैं, उसकी पहचान के लिए सभी उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरें ईवीएम पर उपलब्ध होंगी. लंबी कतारों से बचने के लिए, किसी भी मतदान केंद्र पर 1,200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे.” उम्मीदवार बूथ मतदान केंद्र से ठीक 100 मीटर की दूरी पर स्थापित किए जा सकते हैं. मतदाता सूचना पर्ची पर स्पष्ट रूप से मतदाता के मतदान केंद्र का नंबर, उसका क्रमांक और उसका भाग एवं क्रम संख्या अंकित होगी.”असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई को समाप्त हो रहा है, जबकि केरल विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को समाप्त होगा. तमिलनाडु विधानसभा का कार्यकाल 10 मई को और पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को समाप्त होगा.
निष्पक्ष, पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा आयोग, लाखों चुनाव अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ, स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, सुलभ और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। आयोग ने एसआईआर के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को भी सम्मानित किया. चुनाव न केवल एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया का प्रतिनिधित्व करते हैं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक समृद्धि को भी दर्शाते हैं और हमारे राष्ट्र की एकता और विविधता को सही मायने में प्रतिबिंबित करते हैं.”
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान