जिला मूल्यांकन समिति की बैठक संपन्न, रीवा और मऊगंज जिले की अचल सम्पत्ति के बाजार मूल्य निर्धारण बैठक संपन्न

रीवा
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में रीवा एवं मऊगंज जिले के बाजार मूल्य निर्धारण हेतु 2026-27 के प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025-26 में कुल 3945 लोकेशन थीं जो वर्ष 2026-27 में 3942 हो गई हैं, जिनमें शहरी क्षेत्र के 936 एवं ग्रामीण क्षेत्र के 3006 लोकेशन शामिल हैं। कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में बताया गया कि उप जिला मूल्यांकन समितियों से प्राप्त प्रस्ताव के अनुसार रीवा एवं मऊगंज जिले के नगरीय क्षेत्र में 409 लोकेशन में वृद्धि प्रस्तावित है। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 1528 लोकेशन में वृद्धि होगी। इस प्रकार जिले में वर्ष 2026-27 के लिए नगरीय व ग्रामीण क्षेत्र की प्रस्तावित औसत वृद्धि 13.04 प्रतिशत है। उप जिला मूल्यांकन समिति द्वारा नगर निगम रीवा के 45 वार्डों की 374 लोकेशन में से 284 लोकेशन में कृषि भूमि दर प्रति हेक्टेयर एक करोड़ से अधिक होने के कारण तथा शेष 90 लोकेशन में दर प्रति हेक्टेयर एक करोड़ से कम होने के कारण कृषि भूमि की दर को न्यूनतम एक करोड़ प्रति हेक्टेयर रखा गया है। इन्हीं में से 24 लोकशनों में संपदा 2.0 के माध्यम से उपलब्ध कराए गए बिक्री छांट के आधार पर वृद्धि की जा रही है तथा शेष 66 लोकेशन में कृषि भूमि की दर को एक करोड़ रुपए न्यूनतम प्रति हेक्टेयर रखा गया है। बैठक में जानकारी दी गई कि रीवा निवेश क्षेत्र की संशोधित सीमाओं के भीतर 34 नवीन विशिष्ट ग्राम जोडऩे का प्रस्ताव रखा गया है। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025-26 से अब तक कृषि भूमि की दर में 20 से 50 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। इसी प्रकार मऊगंज एवं नईगढ़ी की 91 लोकेशन, हनुमना की 67 लोकेशन, त्योंथर अन्तर्गत चाकघाट, त्योंथर व डभौरा की 181 लोकेशन एवं सिरमौर अन्तर्गत सेमरिया, मनगवां, सिरमौर एवं बैकुण्ठपुर की 164 लोकेशन में कृषि भूमि की सिंचित व असिंचित दर को एक समान किया गया है। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विभागों व आमजन से आए सुझावों का भी आकलन किया जाए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, डीएफओ लोकेश निरापुरे, सिरमौर विधायक प्रतिनिधि श्री भूपेन्द्र सिंह, एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल, जिला पंजीयक संध्या सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
क्रमांक-110-694-एसपी शुक्ल-फोटो क्रमांक 06 संलग्न है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *