एचपीवी टीकाकरण अभियान में लायें तेजी – कलेक्टर

मऊगंज
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों, स्वरोजगार योजनाओं, संकल्प से समाधान अभियान, समग्र ई केवाईसी सहित अन्य विषयों की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि खाद्य नागरिक आपूर्ति, महिला एवं बाल विकास, राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, ऊर्जा विभाग, गृह विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, सामाजिक न्याय, नगरीय विकास विभाग में सीएम हेल्पलाइन शिकायतें बड़ी संख्या में लंबित हैं। इनका तत्परता से निराकरण करें। कलेक्टर ने राजस्व विभाग के अंतर्गत लंबित शिकायतों की तहसीलवार समीक्षा की। उन्होंने लंबित नामांकन, बंटवारा एवं सीमांकन प्रकरणों की समीक्षा करते हुये अधिकारियों को इनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने समग्र ई-केवाईसी की समीक्षा करते हुये जनपद पंचायत को अगले एक सप्ताह में और अधिक प्रगति लाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुये प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना और जननी सुरक्षा योजना से संबंधित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये। कलेक्टर ने सभी विभागों को संकल्प से समाधान अभियान के तहत लंबित आवेदनों को निराकृत करने के निर्देश दिये।

   कलेक्टर ने स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षाओं के दौरान नगरीय निकायों की पीएम स्वनिधि, आदिम जाति कल्याण विभाग की संत रविदास स्वरोजगार योजना, भीमराव अंबेडकर योजना, टंट्या मामा और भगवान बिरसामुंडा स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को इन सभी योजनाओं के लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने उद्यागिकी विभाग को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना में स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित करने की हिदायत दी। उन्होंने उद्योग विभाग की पीएम विश्वकर्मा योजना में भी प्रगति लाने के निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत स्कूलों और हॉस्टल में जाकर बालिकाओं की काउंसिलिंग करें और एचपीवी वैक्सीनेशन कार्य में तेजी लायें। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 2.0 के तहत अनुसूचित जाति एवं जनजाति परिवारों को शत-प्रतिशत नि:शुल्क कनेक्शन जारी करे। बैठक में बताया गया कि 19 हजार 200 किसानों को समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान का 362 करोड़ रूपये का भुगतान किया जा चुका है। बैठक में प्रभारी अपर कलेक्टर एपी द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर पवन गौरैया, एसडीएम मऊगंज राजेश मेहता, एसडीएम हनुमना रश्मि चतुर्वेदी सहित अन्य जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *