हर बसाहट में पक्की सडक़ की सुविधा दें – उप मुख्यमंत्री

रीवा

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ परियोजना के कार्यों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ परियोजना कार्यालय में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन के मापदण्डों के अनुसार हर बसाहट में पक्की सडक़ की सुविधा दें। इसके लिए इस वर्ष की कार्ययोजना में चिन्हित सडक़ों को शामिल करें। सडक़ें विकास की वाहक होती हैं। गांव और बसाहट तक पक्की सडक़ की सुविधा होने से आवागमन सुगम होने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के अवसरों और आर्थिक विकास के अवसर मिलते हैं। रीवा विकासखण्ड में 28 सडक़ें इस वर्ष की कार्ययोजना में प्रस्तावित की गई हैं। इनका डीपीआर तत्काल तैयार कराएं। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना से निर्मित सडक़ों के रखरखाव और सुधार पर भी ध्यान दें।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नेशनल हाईवे मुख्य मार्ग से चोरहटा होते हुए कपुरी तक की सडक़ का चौड़ीकरण आवश्यक है। जिन किसानों ने सडक़ चौड़ीकरण के लिए स्वेच्छा से भूमि उपलब्ध कराई है उन सबका हम अभिनंदन करते हैं। सबके सहयोग से शीघ्र ही सडक़ चौड़ीकरण का कार्य शुरू होगा। मुख्य मार्ग से चोरहटा होते हुए कपुरी तक 6 मीटर चौड़ी सडक़ बनाई जाएगी। इससे बड़े वाहनों का आवागमन सुगम होगा। उप मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आमजनों से संवाद करते हुए क्षेत्र में विकास की संभावनाओं और समस्याओं पर चर्चा की। उप मुख्यमंत्री ने मौके पर उपस्थित अधीक्षण यंत्री विद्युत मण्डल को चोरहटा में दो नए ट्रांसफार्मर तत्काल स्थापित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ परियोजना के प्रभारी महाप्रबंधक उमेश कुमार साहू ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित मापदण्डों के अनुसार पाँच सौ तक की आबादी वाले सभी गांवों को इस वर्ष की कार्ययोजना में शामिल किया जा रहा है। रीवा और मऊगंज जिले में 273.19 किलोमीटर लम्बाई की 139 सडक़ें प्रस्तावित की गई हैं। इनमें रीवा विकासखण्ड की 48.77 किलोमीटर लम्बाई की 28 सडक़ें शामिल हैं। इनका डीपीआर तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सडक़ योजना से सेटेलाइट से चिन्हित जिले की 1320 बसाहटों में सडक़ निर्माण प्रस्तावित किया जा रहा है। इनमें रीवा विधानसभा क्षेत्र की 31 बसाहटें शामिल हैं। रीवा और मऊगंज जिलों में कुल 1697.56 किलोमीटर लम्बाई की सडक़ें प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना से बनाई गई हैं। वर्तमान में 5 सडक़ें प्रगतिरत हैं। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि श्री राजेन्द्र शुक्ला ने चोरहटा क्षेत्र के सडक़, बिजली, पानी और नाली निर्माण से जुड़ी विभिन्न मांगे रखीं। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे, एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी, तहसीलदार शिवशंकर शुक्ला, पार्षद वार्ड क्रमांक चार श्री दारा सिंह, श्री राजेश पाण्डेय, वित्तीय प्रबंधक सडक़ परियोजना अभयराज सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *