प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की कड़ी आलोचना की कांग्रेस ने एआई समिट को अपनी गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया: मोदी


देश को बदनाम करने में जुटी है कांग्रेस
कांग्रेस वाले पहले से ही नंगे, कपड़े उतारने की जरूरत क्या थी
मेरठ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट में किए गए प्रदर्शन को लेकर कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। मोदी ने कहा कि कांग्रेस की यह हरकत इस बात को जाहिर करती है कि वह वैचारिक रूप से कितनी दिवालिया और दरिद्र हो गयी है। विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन ने शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने देश को शर्मिंदा किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, वहीं देश में कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। मोदी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सम्मेलन में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए, दुनिया के करीब 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत आए। प्रधानमंत्री ने कहा “पूरा देश गर्व से भर गया लेकिन कांग्रेस और इसके तंत्र ने क्या किया? कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतार कर पहुंच गए। मैं कांग्रेस वालों से पूछना चाहता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, तो कपड़े उतारने की जरूरत क्या थी?” मोदी ने कांग्रेस पर प्रहार जारी रखते हुए कहा “कांग्रेस के नेताओं ने वहां जो कुछ किया, वह दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से कितनी दिवालिया हो गई है, कितनी दरिद्र हो गई है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तो अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है। प्रधानमंत्री ने कहा “कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है। यह लोग मेरी कब्र खोदना चाहते हैं। मेरी मां को गाली देने से भी इनको कोई परहेज नहीं है। उनका भाजपा से विरोध है, उनका एनडीए से विरोध है। ठीक है, आपकी राजनीति में यही करना जरूरी है तो चलो समझ सकते हैं। हम इसको भी सहन कर लेंगे लेकिन कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर केंद्रित वैश्विक सम्मेलन भाजपा का कार्यक्रम नहीं था। यह देश का कार्यक्रम था।”
पूरा देश कांग्रेस की रीति-नीति पर थू-थू कर रहा
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दी थीं और पूरा देश कांग्रेस की रीति-नीति पर थू-थू कर रहा है लेकिन इतनी पुरानी पार्टी के नेता लजाने के बजाय गाली दे रहे हैं और बेशर्मी के साथ देश की बेइज्जती करने वालों की जय-जयकार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस, द्रविड़ मुनेत्र कषगम, बहुजन समाज पार्टी और नेशनल कांफ्रेंस का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के इस पाप में इन दलों की कोई भागीदारी नहीं है। उन्होंने कहा कि सिर्फ कांग्रेस के बेलगाम नेता देश को तबाह करने में जुटे हैं।
कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई
प्रधानमंत्री ने कहा “कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई है। मुझे इस बात का संतोष है कि दिल्ली में जो घटना घटी, उसे लेकर कांग्रेस के सभी साथी दलों ने कांग्रेस की आलोचना करने की भरपूर हिम्मत दिखाई है। प्रधानमंत्री ने कहा “संसद को चलने नहीं देते और उसका सबसे बड़ा नुकसान कांग्रेस के सहयोगी दलों को हो रहा है। अब वह समझ गए हैं। दिल्ली में कांग्रेस ने जो नंगापन दिखाया उससे उसके सारे साथी दल चौंक गए हैं। सबने किनारा कर लिया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *