राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ब्लॉक इकाई सिरमौर की मासिक बैठक सम्पन्न

विंध्य भारत, रीवा

राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ब्लॉक इकाई सिरमौर की मासिक बैठक अनुविभागीय कार्यालय के समक्ष, ग्राम हर्दीकला के ग्राम अध्यक्ष श्री बीरेन्द्र सिंह परिहार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री रविदत्त सिंह जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में राष्ट्रीय अधिवेशन तथा अमर शहीद सुप्रीमो चन्द्रशेखर आजाद जी की जन्मस्थली भावरा, जिला अलीराजपुर (मध्य प्रदेश) में दिनांक 27, 28 फरवरी एवं 01 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर यह भी निर्णय लिया गया कि चन्द्रशेखर आजाद जी के जन्मस्थल पर अनवरत दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिससे शहीदों के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ किया जा सके। बैठक में विद्युत विभाग की मनमानी कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। घरेलू उपभोक्ताओं को अत्यधिक एवं मनमाने विद्युत बिल जारी किए जा रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं में अत्यन्त आक्रोश व्याप्त है। शासन, प्रशासन तथा सत्ता में बैठे जनप्रतिनिधियों द्वारा इस गंभीर समस्या पर आंखें मूंदे रखना अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण है। विभाग में उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनने एवं समझने को कोई तैयार नहीं है, जो शासन-प्रशासन की सुनियोजित उदासीन कार्यप्रणाली को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। बैठक में ग्राम पंचायत माड़ो अंतर्गत कसिहाई नहर सीपेज एवं नहक सीपेज की गंभीर समस्या पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इन सीपेजों के कारण सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि कई वर्षों से बुवाई से वंचित पड़ी हुई है। संगठन द्वारा इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन के माध्यम से कई बार अवगत कराया गया, परंतु आज दिनांक तक न तो कोई जांच कराई गई और न ही कोई निरीक्षण हुआ, जिससे प्रभावित किसान अपने परिवार का भरण-पोषण करने में अत्यन्त परेशान एवं विवश हैं। इसी क्रम में ग्राम हर्दीकला माइनर नहर, ब्लॉक एवं तहसील सिरमौर अंतर्गत सिंचाई विभाग द्वारा किसानों की भूमि अधिग्रहित किए जाने का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। कुछ किसानों को अधिग्रहित भूमि का मुआवजा प्रदान कर दिया गया है, जबकि कई किसानों को आज दिनांक तक न तो मुआवजा दिया गया है और न ही नहर की खुदाई का कार्य प्रारंभ किया गया है, जिससे किसान अत्यधिक आक्रोशित एवं चिंतित हैं। बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रविदत्त सिंह, जिला अध्यक्ष रीवा भक्त प्रहलाद सिंह, ग्राम इकाई हर्दीकला अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह, जिला सहमंत्री कामता प्रसाद शुक्ला, एडवोकेट वीरेन्द्र पटेल (सिरमौर), संयोजक रामायण प्रसाद मिश्रा, सहमंत्री ब्लॉक इकाई मनमोहन त्रिपाठी, सचिव ग्राम इकाई हर्दीकला अरूण प्रताप सिंह, जिला कार्यकारिणी सदस्य अनूप कुमार सिंह, मुनीन्द्र कुमार साकेत (हर्दीकला) सहित अनेक किसान नेता एवं बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *