स्वरोजगार योजनाओं के लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करें : कलेक्टर

विंध्य भारत, रीवा

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर्स कांफ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी कलेक्टर्स कांफ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं पर कार्यवाही कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। स्वरोजगार योजनाओं के बैंकों में लंबित प्रकरण स्वीकृत कराकर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति करें। निर्धारित लक्ष्य से 25 प्रतिशत अधिक प्रकरण बैंकों में दर्ज करायें। अग्रणी बैंक प्रबंधक डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा धरती आबा योजना के सभी प्रकरणों का 3 दिवस में निराकरण करायें।
बैठक में कलेक्टर ने जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग को धरती आबा योजना, टट्या मामा योजना के लक्ष्य से अधिक प्रकरण बैंकों में दर्ज करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि उद्यानिकी, पशुपालन विभाग, जिला अंत्यावसायी सहकारी समिति, ग्रामोद्योग और उद्योग विभाग के अधिकारी दो दिन में लक्ष्य के अनुरूप प्रकरण बैंकों में दर्ज कराकर स्वीकृत और वितरित करायें। सीएम हेल्पलाइन में 100 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का निराकरण करें। जिन अधिकारियों के सीएम हेल्पलाइन प्रकरण नान अटेन्डेट हैं उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करें। नामांतरण और बंटवारा के तय समय सीमा में निराकृत न होने पर संबंधित राजस्व अधिकारी पर जुर्माना लगायें।
कलेक्टर ने कहा कि महाप्रबंधक उद्योग जिला स्तरीय उद्योग संवर्धन और निवेश समिति की हर तिमाही में बैठक आयोजित करायें। जिला शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास प्री-प्रायमरी एजुकेशन के लिए समन्वय से व्यवस्था करें। सभी प्राथमिक शिक्षक सप्ताह में दो दिन आंगनवाड़ी केन्द्र का भ्रमण कर बच्चों को प्री-प्रायमरी शिक्षा दें। बैठक में कलेक्टर ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों, उद्यानिकी फसलों के क्षेत्र में विस्तार तथा ई-ऑफिस व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्रा, जिला संयोजक ट्रायबल के.के. पाण्डेय, जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस आशीष दुबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नयन सिंह, एलडीएम जगमोहन, महाप्रबंधक उद्योग जे.पी. तिवारी, उप संचालक कृषि यू.पी. बागरी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *