विंध्य भारत, सिंगरौली।
एनसीएल अंतर-क्षेत्रीय विद्यालय ’सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजन कर्मचारी मनोरंजन गृह, झिंगुरदा में किया गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति रुचि जागृत करना, उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें एक सशक्त मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम में एनसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को अत्यंत आकर्षक एवं यादगार बना दिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक असीम कुमार बाग के साथ-साथ जेसीसी सदस्यों एवं यूनियन प्रतिनिधियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। तत्पश्चात ज्ञान, कला एवं विद्या की देवी मां सरस्वती के आशीर्वाद के साथ कार्यक्रम की शुरुआत एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण में हुई। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, नाटक, समूह प्रस्तुति तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों का आत्मविश्वास, प्रस्तुति की गुणवत्ता एवं विषय-वस्तु की समझ अत्यंत सराहनीय रही। दर्शकों एवं उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का कार्य किया, बल्कि उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का भी विकास किया। प्रतियोगिता का समापन समारोह 10 फरवरी को किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राजेश त्रिवेदी, महाप्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण), एनसीएल सिंगरौली उपस्थित रहे। उनके साथ स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य, संयुक्त सलाहकार समिति (मुख्यालय एवं झिंगुरदा क्षेत्र) के सदस्य, अन्य यूनियन प्रतिनिधि तथा सिस्टर प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। समापन समारोह में बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि श्री राजेश त्रिवेदी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए इस प्रकार की सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया तथा आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
दो दिवसीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता झिंगुरदा में संपन्न