नई दिल्ली। लोकसभा में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बीच भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर राहुल गांधी के भाषण को लेकर तीखी बहस छिड़ गई। किरेन रिजिजू ने कहा कि कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ जो देश को बेच या खरीद सके। पीएम मोदी अब तक के सबसे मजबूत प्रधानमंत्री हैं। किरेन रिजिजू ने कहा कि विपक्ष के नेता ने बजट चर्चा में कोई उपयोगी और ठोस योगदान नहीं दिया। वे केवल बेबुनियाद आरोप लगा रहे थे। अपने भाषण के बाद वे तुरंत सदन से बाहर चले गए। नियम यह है कि एक बार कोई सदस्य अपना भाषण दे दे, तो वह भाषण समाप्त होने के तुरंत बाद सदन नहीं छोड़ सकता।
किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी जानबूझकर बार-बार ऐसा करते हैं। उनका भाषण आमतौर पर झूठ और आरोपों से भरा होता है। वे भाग जाते हैं और मंत्री का जवाब सुनने के लिए कभी नहीं बैठते। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे पास विपक्ष के नेता के पद के योग्य कोई गंभीर स्वभाव वाला व्यक्ति नहीं है। हमारी पार्टी ने यह रुख अपनाया है कि हम राहुल गांधी के झूठ का जवाब सदन के बाहर देंगे, लेकिन सदन के अंदर नोटिस जारी किया जाएगा। हम स्पीकर को नोटिस भेजेंगे। राहुल गांधी ने प्रमाण देने का वादा किया है, लेकिन मुझे पता है कि वे प्रमाण नहीं दे सकते क्योंकि उन्होंने झूठ बोला है। उन्होंने सदन के सामने झूठ बोला है। रिजिजू ने साफ तौर पर कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में कार्यवाही और प्रक्रिया के स्पष्ट नियम हैं। जब कोई सदस्य किसी अन्य सदस्य पर गंभीर आरोप लगाना चाहता है, तो उसे नोटिस देना होता है और आरोप को साबित भी करना होता है। राहुल गांधी को सदन में बुलाया जाए ताकि वे अपने द्वारा उठाए गए बिंदुओं को प्रमाणित कर सकें। राहुल गांधी ने सरकार और प्रधानमंत्री पर निराधार और झूठे आरोप लगाए हैं। रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्यों को उन्हें समझाना चाहिए कि संसद इस तरह काम नहीं कर सकती। यहां बच्चों जैसा व्यवहार न करें। हमारा देश विशाल है और सुरक्षा एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। हमारी सुरक्षा को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करना और किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाना सही नहीं है।
राहुल गांधी झूठ की खेती करते हैं :गिरिराज
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि या तो विपक्ष के नेता को जानकारी की कमी है या उन्होंने झूठ बोलने का ठेका लिया है। वे निर्यात को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। 18 प्रतिशत छूट से मेरे उद्योग को बहुत लाभ होगा। वे भ्रम फैला रहे हैं। ऐसे व्यक्ति पर अब भरोसा नहीं रहा। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी गांधी की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि राहुल गांधी को एक बात याद रखनी चाहिए कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत किसी के सामने नहीं झुकेगा। सदन के नियमों का उल्लंघन करते हुए राहुल गांधी ने निराधार बयान दिए हैं। हम इसकी निंदा करते हैं।
कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ जो देश को बेच या खरीद सके :रिजिजू