प्राकृतिक खेती में रीवा का नाम रोशन करने में किसान आगे आयें : शुक्ल

विंध्य भारत, रीवा

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्राकृतिक खेती में रीवा का नाम रोशन करने में किसान आगे आयें और अपने स्वयं एवं परिवार के स्वास्थ्य के साथ जमीन के स्वास्थ्य के लिये प्राकृतिक खेती को अपनायें। उप मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत मरहा में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने 37.50 लाख रूपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन (अटल सेवा सदन) का लोकार्पण किया। श्री शुक्ल ने घोषणा की कि मरहा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्थपित होगा।
उप मुख्यमंत्री ने किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि किसान भाई बसामन मामा गौवंश वन्य विहार का भ्रमण करें और वहां प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण केन्द्र में प्राकृतिक खेती के गुर सीखें और अपनी कृषि योग्य भूमि में से कुछ भाग में इसे अपनाकर लाभ लें इससे आने वाली पीढ़ी को भी लाभ मिलेगा। श्री शुक्ल ने कहा कि बसामन मामा के प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण केन्द्र की देश के गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सराहना की है। यह देश के तीन उत्कृष्ट गौसंरक्षण केन्द्र व प्रशिक्षण केन्द्र के तौर पर है। प्रधानमंत्री जी ने भी गत वर्षों में रीवा के अपने भ्रमण के दौरान प्रस्तुत धरती माता की पुकार नाटिका के मंथन को गंभीरता से देखा था और अपेक्षा की थी कि किसान प्राकृतिक खेती अपनायें। रीवा जिले में प्रधानमंत्री जी, गृह मंत्री जी की मंशानुरूप प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किये गये हैं। बसामन मामा, हिनौती गौधाम व हरिहरपुर में प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षण केन्द्रों में आसपास के किसानों को लाभ मिलेगा और वह इससे सीखकर अपने खेत में प्राकृतिक खेती कर सकेंगे। श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा जिले में एक लाख गौ के आश्रय के लिये संरक्षण केन्द्र के तौर पर गौवंश वन्य विहार बनाये जायेंगे ताकि गौसंरक्षण से प्राकृतिक खेती को जोडक़र किसानों को समृद्ध किया जा सके। उन्होंने किसानों से धरती के सूक्ष्म जीवों के बचाने के लिये प्राकृतिक खेती के प्रकल्प को अपनाने का आह्वान किया। श्री शुक्ल ने संकल्प दोहराया कि किसानों को समृद्ध करने के सभी कार्य प्राथमिकता से किये जा रहे हैं। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने किसानों सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ मनुष्य से ही विकसित व स्वस्थ भारत का निर्माण संभव है। स्वस्थ भारत ही विश्वगुरू बनेगा।
उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि गत दिनों बसामन मामा में केन्द्रीय गृह मंत्री जी के आगमन के उपरांत प्राकृतिक खेती को बल मिला है। किसान इस दिशा में आगे आ रहे हैं और यह अपने व अपनी जमीन के स्वास्थ्य के लिये आवश्यक भी है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य को बनाने में प्राकृतिक खेती आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सेमरिया क्षेत्र में 20 से अधिक अटल सेवा सदन निर्माणाधीन है। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन सरपंच फणीन्द्र मिश्रा ने दिया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष संगीता यादव, गौसंवर्धन बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश पाण्डेय तथागत मिश्रा कबीर, अनिरूद्ध पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री ने पंचायत परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *