विंध्यभारत, रीवा
रीवा में एक युवती ने आत्महत्या करने का प्रयास किया लेकिन मौके पर मौजूद राहगीरों की सतर्कता और सूझबूझ से उसकी जान बचा ली गई। यह घटना शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत बीहर नदी पर बने पुल की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती पुल पर काफी देर से खड़ी थी और अचानक नदी में छलांग लगाने का प्रयास करने लगी।
युवती की संदिग्ध हरकतों को देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों को अनहोनी की आशंका हुई। जैसे ही युवती ने पुल की रेलिंग पार करने की कोशिश की, आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौडक़र उसे पकड़ लिया और सुरक्षित स्थान पर ले आए। लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने युवती को समझाइश दी और उसे शांत कराने का प्रयास किया। युवती काफी देर तक भावनात्मक रूप से परेशान नजर आई। लोगों ने धैर्य रखते हुए उसे संभाला और आत्मघाती कदम न उठाने के लिए समझाया। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सिविल लाइन थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि युवती को सुरक्षित बचा लिया गया है और वह पूरी तरह सुरक्षित है। प्रारंभिक पूछताछ में आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक काउंसलिंग की व्यवस्था भी की जा रही है।पुलिस द्वारा युवती के परिजनों को भी सूचना देने की प्रक्रिया की जा रही है। फिलहाल युवती की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि समय पर दिखाई गई सतर्कता और मानवीय संवेदना से किसी की जान बचाई जा सकती है। राहगीरों की सूझबूझ से एक अनमोल जीवन बच गया।