विंध्यभारत, रीवा
जिले के पनवार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ शोषण और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। एक युवक ने शादी का झांसा देकर किशोरी से नजदीकी बढ़ाई और फिर उसका एक निजी वीडियो बना लिया। जब किशोरी ने शादी की बात की, तो आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा ने बताया कि आरोपी युवक लंबे समय से शादी का झांसा देकर किशोरी को भ्रमित कर रहा था। जब पीडि़ता ने उस पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो युवक ने साफ इनकार कर दिया। साथ ही उसने धमकी दी कि वह उसका एक निजी वीडियो सार्वजनिक कर देगा। इस डर से किशोरी काफी समय तक मानसिक दबाव झेलती रही। ब्लैकमेलिंग और प्रताडऩा से तंग आकर किशोरी ने हिम्मत जुटाई और अपने परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर सीधे पनवार थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने पीडि़ता के बयान दर्ज किए हैं।
एएसपी मिश्रा ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है। उसे पकडऩे के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने अपील की है कि ऐसे मामलों में परिवार बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत बनाएं और किसी भी प्रकार की धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।