कुल 5652 अभ्यर्थियों को आवंटित किए गए थे सेंटर, पहली पाली में´ 1449 और दूसरी पाली में 1516 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
अभिभावक बोले- नीट परीक्षा में धांधली से विश्वास टूटा, प्रशासन ने किए थे चारों ओर कड़े इंतजाम
विशेष संवाददाता, रीवा
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा खाली पदों की भर्ती के लिए आज जिले भर के 13 परीक्षा केदो में प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया गया। इन 13 परीक्षा केदो में 56 52 उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र आवंटित किए गए थे। प्रथम पाली की परीक्षा में कुल 4203 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया जबकि दूसरी पाली में 4136 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। यानी की कल 27 फ़ीसदी के आसपास अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान नीट का बवाल चर्चाओं में रहा। उधर प्रशासन ने इस परीक्षा को बेहतर और पारदर्शी बनाए रखने के लिए काफी कड़े इंतजाम किए थे। ताकि किसी प्रकार का दोषा रोपण स्थानीय स्तर पर न लगने पाए।
लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को हुई। सघन चेकिंग के बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। मप्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा के लिए रीवा में 12 और मऊगंज में 1 परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा केंद्रों में सुबह 9 बजे से ही परीक्षार्थियों की लंबी लाइन लग गई थी।
रीवा के मार्तण्ड क्रमांक 2 में परीक्षा देने पहुंचे छात्र सुधांशु द्विवेदी ने बताया कि परीक्षा को लेकर उत्साहित हूं। मैं 5 सालों से एमपी पीएससी की तैयारी कर रहा हूं। पिछली बार मेरा सिलेक्शन मेंस में नहीं हो पाया था। ये मेरा 5वा अटेम्प्ट है जिसके लिए मैंने काफी मेहनत की है। उम्मीद है कि इस बार बेहतर कर पाऊंगा।
परीक्षा केंद्र पर अपनी बेटी को छोडऩे आई संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि मैं यहां अपनी बेटी को एग्जाम सेंटर में छोडऩे के लिए आई हूं। परीक्षाओं को लेकर इस समय जो चल रहा है उसे तो हर कोई देख रहा है। परीक्षाएं देने के लिए स्टूडेंट्स कितने भी तैयार हो लेकिन पॉलिसी बहुत खराब है। एग्जाम में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी स्टूडेंट्स का चयन होना है या नहीं होना है। इसकी कोई गारंटी नहीं है। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार धांधली हो रही है। नीट परीक्षा के टॉपर जेल में हैं। सब कुछ समझ से परे चल रहा है।
कड़ी जांच हुई परीक्षा केंद्रों में
परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दोपहर 2.15 से शाम 4.15 तक आयोजित की गई है। परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में चेहरा ढककर और मोजे-जूते पहनकर प्रवेश नहीं दिया गया। पेंसिल, रबर, व्हाइटनर, घड़ी, हाथ में पहनने वाले बैंड, बेल्ट, धूप में पहनने वाले चश्मा तथा बालों को बांधने वाले क्लचर का उपयोग भी कक्ष के भीतर वर्जित रखा गया। लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा के लिए श्रवण कुमारी स्कूल,सरस्वती स्कूल निराला नगर,टीआरएस कॉलेज,सरस्वती स्कूल जेल रोड समेत सभी परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था नजर आई।
एडिशनल एसपी बोले-सुरक्षा बढ़ाई
वहीं शहर के 12 केंद्रों में चल रही परीक्षा को देखते हुए पुलिस ने सक्रियता बढ़ा दी है। परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट पहले पुलिस और परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों के द्वारा अभिभावकों को परिसर से बाहर कर दिया गया। एडिशनल एसपी विवेक लाल ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। परीक्षा को ध्यान में रखते हुए चेकिंग भी तेज कर दी गई है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की पूरी तैयारी है।