विशेष संवाददाता, रीवा
जिले भर में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 5 जून से 16 जून तक नमामि गंगे अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुराने जल स्त्रोतों के जीर्णोद्धार तथा साफ-सफाई के कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने रायपुर कर्चुलियान विकासखण्ड के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर नमामि गंगे अभियान के तहत किए जा रहे जल संरक्षण के कार्यों का जायजा लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ सौरभ सोनवणे, जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय सिंह तथा अन्य अधिकारी उनके साथ रहे। कलेक्टर ने सबसे पहले ग्राम चोरगड़ी में तालाब गहरीकरण और साफ-सफाई कार्य का अवलोकन किया।
जिला खनिज मद से स्वीकृत 25 लाख रुपए की राशि से तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि नमामि गंगे अभियान जल संरक्षण और संवर्धन के लिए चलाया जा रहा है। वर्षा के जल का संचय तथा उसका विवेकपूर्ण उपयोग ही आगामी पीढ़ी को जल संकट से बचाएगा। पृथ्वी और इस पर मानव जीवन को बचाने के लिए जल संरक्षण तथा वृक्षारोपण अनिवार्य है। इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम भलुहा में दो तालाबों में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। भलुहा के छतुरिहा एवं पिपरान तालाब को जल संसाधन विभाग की नहर से भरा जाएगा। इसे नहर से जोडऩे के लिए तेजी से निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस सप्ताह तालाब में पानी का भण्डारण कर दिया जाएगा।
कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ग्राम बंधवा में मदनुआ तालाब का निरीक्षण किया। तालाब की साफ-सफाई तथा गहरीकरण का कार्य ग्रामीण विकास विभाग तथा जन सहयोग से किया जा रहा है। इस तालाब को भी चैनल लिंक के माध्यम से सिंचाई नहर से जोड़ा जा रहा है। जल संसाधन विभाग चैनल लिंक का निर्माण दो दिनों में पूरा करके तालाब में पानी की आपूर्ति करेगा।