कटरा सोहागी पहाड़ के बीच बोलेरो जीप घुस गई पिक अप वाहन में
बोलेरो में सवार तीन महिलाओं में से एक की हालत गंभीर, चालक भी गंभीर
विशेष संवाददाता, रीवा
रायपुर कर्चुलियान के एक परिवार पर आज दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे ने फांसी लगा ली थी, पूरा परिवार सदमे में था। बेटे का अंतिम संस्कार करने परिवार प्रयागराज जा रहा था। जिस वाहन में यह परिवार था वह वाहन सोहागी पहाड़ के पहले एक पिकअप वाहन में पीछे से घुस गया। जिससे सामने बैठे एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि बॉलरों को चला रहे चालक की भी हालत गंभीर है। तीन महिलाएं भी घायल हुई है जिनमें से की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के संबंध में बताया गया है कि रायपुर कर्चुलियान निवासी गंगा सिंह के पुत्र ने बीती रात फांसी लगा ली थी। आज सुबह समस्त औपचारिकताएं पूरी कर मृतक का अंतिम संस्कार करने परिवार प्रयागराज जा रहा था। मृतक का शव आगे आगे चल रही एंबुलेंस में था। जबकि परिवार के अन्य लोग एक बोलेरो जीप में पीछे थे। जैसे ही कटरा के आगे सोहागी पहाड़ के पहले बोलेरो जीप पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर खड़ी पिकअप वैन में जा घुसी। संभवत: बोलेरो जीप की रफ्तार कुछ ज्यादा ही थी इसलिए ठोकर लगने पर आगे का हिस्सा पिचक गया और आगे ही बैठे मृतक के पिता गंगा सिंह उम्र 76 साल को गंभीर चोटे लगी। बोलेरो चला रहे चालक को भी बड़ी मुश्किल से निकाला जा सका। बोलेरो में सवार तीन महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से सभी को बोलेरो से बाहर निकाला, बताया गया है कि इसी दौरान मृतक के पिता गंगा सिंह ने भी वहीं पर दम तोड़ दिया। चालक समेत अन्य तीन घायल महिलाओं को संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है जहां पर उनका इलाज चल रहा है। इस भी जानकारी मिली है कि बोलेरो चालक की हालत गंभीर बनी हुई है वही घायल तीन महिलाओं में से एक की हालत ज्यादा ही गंभीर है। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है वहीं दूसरी ओर संबंधित परिवार पर दुखों का पहाड़ जैसा टूट पड़ा है।