प्रदेश के पांच जिलों में है ऐसी ही स्थिति, इस बार रीवा और सागर में संगठन कर सकता है कुछ बदलाव
विशेष संवाददाता, रीवा
भारतीय जनता पार्टी की संगठन इकाई में काफी कुछ आमूल चूल परिवर्तन दिखाई देने की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा रहा है। 5 जनवरी को प्रदेश भाजपा जिला अध्यक्षों की सूची जारी होनी थी जो आज भी समाचार लिखे जाने तक जारी नहीं हो सकी है वही हमारे सूत्रों ने यह खबर दी है कि इस बार रीवा भाजपा में दो अध्यक्ष बना दिए जाएंगे ताकि विवाद की स्थिति निर्मित ना हो। ऐसा ही सागर में किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष पद पर मनोनयन को लेकर अंदर ही अंदर आक्रोश की स्थिति बनी हुई है इस मामले से प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जहां अपने को किनारे किए हुए हैं वहीं दूसरी ओर यह कहा जा रहा है कि सभी प्रमुख नेता अपने चहेतो को यह पद दिलवाने के लिए पूरी ताकत लॉबिंग कर रहे हैं। इस बार जिला अध्यक्ष पद की दौड़ में मुख्य रूप से तीन ही दावेदार हैं जबकि अन्य आधा दर्जन और भी प्रयास कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि ऐसी ही स्थिति सागर जिले में भी बनी हुई है। जहां पर नेता आपस में ही एक दूसरे पर कटाक्ष कर रहे हैं जो सोशल मीडिया में भी वायरल हो चुका है। रीवा में तो अभी ऐसी कोई स्थिति सामने नहीं आई है लेकिन कहां जा रहा है कि अंदर ही अंदर घमासान मचा हुआ है। इसके लिए यह तरकीब निकाली गई है कि भाजपा जिला अध्यक्ष के दो पद कर दिए जाएंगे जिसमें एक शहर का अध्यक्ष होगा जबकि दूसरा ग्रामीण क्षेत्र का हिस्सा देखेगा। अगर ऐसा होता है तो निश्चित तौर पर यह कांग्रेस जैसी स्थिति मानी जाएगी जहां पर गुटबाजी को नियंत्रित करने के लिए जिले में दो अध्यक्ष बना दिए जाते हैं। इस मामले में हमारे सूत्रों का दावा है कि अगर रीवा जिले में एक राय नहीं बन पाई तो जिले में एक शहरी क्षेत्र का और दूसरा ग्रामीण क्षेत्र का अध्यक्ष घोषित कर दिया जाएगा। कहा तो यह जा रहा है कि 5 जनवरी की रात तक सूची आ जाएगी लेकिन अभी तक ऐसा हो नहीं पाया है। मामला पूरी तरह से दिल्ली में अटका हुआ है। कई नेता रीवा से लेकर भोपाल और दिल्ली तक अपना प्रयास फिर है जारी रखे हुए हैं। लेकिन यह भी कहा जा रहा है कि अधिकतम एक या दो दिन के भीतर सूची जारी हो जाएगी तो सब कुछ अपने आप स्पष्ट हो जाएगा और पूरे मामले का पटाक्षेप हो जाएगा।