स्थाई परमिट पर ही दौड़ेंगी बसें, डिप्टी टीसी की नियुक्ति के बाद ही जारी होंगे परमिट
बस एसोसिएशन ने उठाई थी मांग
विशेष संवाददाता, रीवा
शनिवार को रीवा से विभिन्न क्षेत्रों की ओर चलने वाली बसों के पहिए थम जाने से यात्रियों की फजीहत बढ़ती जा रही है। राज्य सरकार के परिवहन अफसरो ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक स्थाई परमिट नहीं जारी होते हैं तब तक बसों का चल पाना संभव नहीं दिखाई देता। यह परमिट केवल परिवहन उप आयुक्त ही दे सकता है जो यहां पर मौजूद नहीं है। ऐसे में समस्या का हल कब निकलेगा, कह पाना मुश्किल है।
गौरतलब है कि संभाग में अस्थाई परमिट पर चल रहीं 1,200 से अधिक बसों के परमिट 31 दिसंबर से निरस्त कर दिए गए हैं, जिसके बाद इन बसों का संचालन बंद हो गया है। अब केवल स्थाई परमिट पर ही बसों का संचालन होगा। इस फैसले से न सिर्फ बस संचालकों को नुकसान हुआ है, बल्कि यात्रियों की भी परेशानी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट ने एक याचिका में निर्देश दिया था कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत बसों को अस्थाई और स्थाई परमिट डिप्टी टीसी स्तर के अधिकारी ही जारी कर सकते हैं। वर्तमान में इस पद पर कोई अधिकारी नहीं है, जिसके कारण अस्थाई परमिट जारी नहीं हो पाए। इससे पहले रीवा में 400 और सतना में 550 बसें अस्थाई परमिट पर चल रही थीं, जिनका संचालन अब बंद हो गया है। इन बसों को स्थाई परमिट मिलने का इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है। पुराने बस स्टैंड रीवा से आज केवल 20 फ़ीसदी बसें ही अपने गंतव्य को रवाना होती देखी गई जबकि यही स्थिति नए बस स्टैंड में सीधी और शहडोल तथा ग्रामीण इलाकों की ओर जाने वाली बेसन की थी यात्रियों को बसे नहीं मिल पा रही थी।
इनका कहना है…
अस्थाई परमिट के अनुज्ञा पत्र केवल परिवहन उपायुक्त सही जारी कर सकते हैं। माननीय उच्च न्यायालय के भी इस संबंध में निर्देश जारी है। अस्थाई परमिट की व्यवस्था फिलहाल बंद है। जिससे कुछ दिक्कतें हो रही है। इसके लिए सरकार व्यवस्था बनाने की प्रयास कर रही है।
मनीष त्रिपाठी
जिला परिवहन अधिकारी रीवा