पुलिस व्यवस्था को देखकर ही उपद्रव होने की हो रही थी शंका
भारी संख्या में प्रदर्शन में भाग लेने पहुंचे कांग्रेसी, पुलिस के बल प्रयोग करते ही मची भगदड़
नगर प्रतिनिधि, रीवा
दोपहर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस प्रशासन से लोहा लेना पड़ा कांग्रेसियों की पहले पुलिस से झड़प हुई और इसके बाद लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस की गोले छोड़े गए इस बीच कुछ कांग्रेसियों को चोट आई है जिन्हें पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया है कांग्रेस द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा आज सुबह से ही व्यापक पैमाने पर कड़े सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे कलेक्ट्रेट मुख्य द्वार सहित अन्य जगहों पर बैरिकेट्स लगाए गए थे और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी माना जा रहा था कि आज कांग्रेस पार्टी के द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन में कुछ बवाल होना तय है और ऐसा ही हुआ।
हजारों की संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे थे कांग्रेसी
नीट परीक्षा घोटाला, नर्सिंग घोटाला, महंगाई, भ्रष्टाचार बिजली समस्या, और बीते दिन ग्राम हिनौता कोठार में महिलाओं के साथ हुए अत्याचार को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर रीवा में धरना प्रदर्शन कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपना था दोपहर तक कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता रीवा और मऊगंज जिले से मुख्यालय पहुंच चुके थे कॉलेज चौराहा से लेकर कलेक्ट्रेट और पुराने बस स्टैंड तक कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट चुकी थी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के अंदर घुसकर धरना प्रदर्शन करना चाहते थे जिन्हें पुलिस ने रोक दिया इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों में झड़प हुई और पुलिस ने लाठी चार्ज करते हुए वाटर कैनन छोड़े, आंसू गैस के गोले छोड़े और उग्र हो रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने कलेक्ट्रेट से खदेडऩा शुरू कर दिया कांग्रेसियों में भगदड़ मच गई इस बीच कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की चोट भी लगी है जिन्हें पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भेजा है तो वहीं सीनियर कांग्रेस नेताओं सहित लगभग 70 कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया और शहर से दूर ले जाकर छोड़ दिया।
जीतू पटवारी नहीं हुए शामिल
आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को भी शामिल होना था, लेकिन अंतिम समय में उनका आना कैंसिल हो गया। प्रदर्शन में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी श्रीनिवासन, कांग्रेस महापौर अजय मिश्रा बाबा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, बबिता पांडेय, वरिष्ठ नेता गिरीश सिंह, कविता पांडेय, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी नागौद रश्मि सिंह पटेल, एनएसयूआई पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी बैरिकेट्स तोडक़र आगे बढऩे का प्रयास करते रहे।
अजय सिंह राहुल के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
मध्यप्रदेश कांग्रेस पार्टी के नेता अजय सिंह राहुल के नेतृत्व में आज कांग्रेस पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जंगी प्रदर्शन किया है कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार में नीट परीक्षा घोटाला नर्सिंग घोटाले महंगाई बेरोजगारी किसानों की समस्या बिजली की समस्या और बीते दिन हुए मुरुम कांड को लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल के नेतृत्व में रीवा कलेक्ट्रेट का घेराव करने निकले थे। लेकिन कलेक्ट्रेट पहुंचने के पहले ही उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद कांग्रेसियों का प्रदर्शन उग्र हो गया इस बीच कांग्रेस पार्टी के लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री का पुतला भी फूंका है पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जलते हुए पुतले पर पानी डालकर बुझाने का प्रयास किया इस प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी और प्रदेश अध्यक्ष मितेंद सिंह पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना गिरिजेश पाण्डेय, शेष नारायण ओझा प्रदेश युवक कांग्रेस प्रभारी सहित सैकड़ो कांग्रेसी नेता और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
गुना में मुख्यमंत्री का पुतला जलाया, हुई झड़प
रीवा में दो महिलाओं को मुरम डालकर जिंदा गाडऩे की कोशिश करने के मामले में गुना महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। स्थानीय हनुमान चौराहे पर नारेबाजी की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव का पुतला भी फूंका गया। हालांकि, पुलिस ने जलते हुए पुतले पर पानी डालकर उसे बुझाने की भी कोशिश की। इसके बाद कांग्रेसियों ने पुतले पर डंडे पर लातें मारीं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हो गई।