शिवेंद्र तिवारी
गुजरे जमाने की वो एक्ट्रेस, जिन्होंने पर्दे पर अपनी एक्टिंग के साथ-साथ खूबसूरती से भी राज किया लेकिन, अंत में उनकी मौत अनसुलझी पहेली ही रह गई, जिसकी गुत्थी आज तक नहीं सुलझ पाई। हम बात कर रहे हैं एक्ट्रेस प्रिया राजवंश के बारे में।

बॉलीवुड की दुनिया बाहर से बहुत ही प्यारी ऐशो आराम वाली लगती है। बाहर लगता है कि यहां कितनी चमक-धमक है और कितनी सुख-सुविधाएं हैं। लेकिन मायानगरी के पीछे की सच्चाई के बारे में बहुत कम ही लोग जानते है कि जितना ज्यादा मुश्किल इसमें एंट्री करना है उससे कहीं ज्यादा मुश्किल यहां पर सर्वाइव करवा होता है। ग्लैमर वर्ल्ड में कुछ कहानियां दफन हो जाती हैं तो कुछ निकलकर सामने आ जाती हैं। इसी में एक कहानी एक्ट्रेस प्रिया राजवंश की रही है। गुजरे जमाने में फिल्मों में उनकी एक्टिंग और खूबसूरती के चर्चे खूब रहे। उनकी पर्सनल लाइफ भी जगजाहिर रही लेकिन, उनकी मौत केवल अनसुलझी पहेली की तरह ही रह गई। उनकी मौत को पहले नेचुरल डेथ समझा गया था लेकिन तफ्तीश के बाद पता चला था कि उनका मर्डर हुआ था। चलिए बताते हैं उनके बारे में…प्रिया राजवंश का जन्म 30 दिसंबर, 1936 को हुआ था। वो सरकारी अधिकारी सुंदर सिंह के घर जन्मी थीं। उनका बचपन का नाम वीरा सुंदर सिंह था। उनकी स्कूलिंग और ग्रैजुएशन शिमला में हुआ था। बाद में पिता का ट्रांसफर लंदन हो गया था, जिसके चलते वीरा ने आगे की पढ़ाई रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट्स में लंदन में की। उनके परिवार का फिल्मों से दूर तक नाता नहीं रहा था। लेकिन, वीरा को फिल्मों में रूचि थी। एक्टिंग सीखने के बाद और इसी दौरान उन्हें मॉडलिंग के भी ऑफर मिलने लगे थे। मॉडलिंग के दिनों में उनकी जो भी फोटोज देखता वो दीवाना ही हो जाता है। हर कोई पूछता कि आखिर ये लड़की कौन है? इसके बाद देव आनंद के भाई चेतन आनंद ने वीरा को अपनी फिल्म ‘हकीकत’ में कास्ट करने का मन बना लिया था। उन्होंने ही वीरा को पहला ब्रेक दिया था। वो उस जमाने के जाने-माने डायरेक्टर हुआ करते थे।
शादीशुदा चेतन से हुआ प्यार, फिर नहीं की शादी
प्रिया और चेतन आनंद की फिल्म हिट रही थी। इस दौरान एक और खास बात रही कि एक्ट्रेस और चेतन की शूटिंग के दौरान ही नजदीकियां बढ़ने लगी थी, जिसके बाद 15 साल बड़े चेतन से एक्ट्रेस को प्यार हो गया था। वहीं, चेतन भी प्रिया की खूबसूरती पर फिदा थे। डायरेक्टर पहले से शादीशुदा थे और अपनी शादीशुदा जिंदगी से खुश नहीं थे। इस वजह से वो प्रिया के साथ ज्यादा वक्त गुजारने लगे थे और दोनों ही एक-दूसरे से प्यार करने लगे थे। इतना ही नहीं रिपोर्ट्स में बताया जाता है कि एक्ट्रेस चेतन के साथ लिव इन में भी रहीं लेकिन दोनों ने कभी शादी नहीं की। इसके साथ ही बताया जाता है कि डायरेक्टर के पहली बीवी से दो बेटे केतन और विवेक थे, जो उन्हें बिल्कुल भी पसंद नहीं करते थे। ममला तब गरमा गया जब चेतन ने अपनी वसीयत बनवाई। उन्होंने प्रिया को भी उतना हिस्सा दिया, जितना की दोनों बेटों को दिया था।
ताउम्र रहीं अकेली!
वहीं, कुछ समय के बाद चेतन का निधन हो गया। डायरेक्टर की मौत तक प्रिया का रिश्ता उनसे रहा। इसके बाद एक्ट्रेस अकेली पड़ गईं। चेतन के जाने के बाद ना तो कोई उनके सुख का साथी था और ना ही दुख का। करीब तीन साल उन्होंने तन्हाई में काटे। वो चेतन के ही बंगले में 20 तक रहीं। उनके लिए अकेला रहना बड़ा ही मुश्किल हो गया था।
फिर एक दिन मिली लाश…
प्रिया राजवंश इतनी अकेली पड़ गई थीं कि आखिरी घड़ी में भी उनके साथ कोई नहीं था. 27 मार्च, 2000 को उनके बंगले में उनकी लाश मिली। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि उनकी मौत कोई नेचुरल डेथ नहीं थी बल्कि उनका मर्डर हुआ था। फिर मर्डर का शक चेतन के दोनों बेटों केतन और विवेक पर गया। साथ ही बंगले दो नौकरों माला और अशोक का भी नाम इसमें शामिल था। उन्हें गिरफ्तार भी किया गया। एक्ट्रेस ने केतन और विवेक से अपने संबंधों का जिक्र डायरी में भी किया था। इसमें लिखा गया था कि चेतन की मौत के बाद उनके दोनों बेटे वसीयत को लौटाने का दबाव बना रहे हैं। इसी आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार तो किया लेकिन, ठोस सबूत ना होने की वजह से उन्हें बरी कर दिया गया। इसके बाद एक्ट्रेस की मौत आज तक अनसुलझी पहेली बनकर रह गई।
सात फिल्मों में प्रिया ने किया था अभिनय
आपको बता दें कि प्रिया राजवंश ने अपने करियर में सात फिल्मों में काम किया था। इसमें ‘हकीकत’, ‘हीर रांझा’, ‘हिंदुस्तान की कसम’, ‘हंसते जख्म’, ‘साहेब बहादुर’, ‘कुदरत’ और ‘हाथों की लकीरें’ जैसी फिल्मों के नाम शामिल हैं। बताया जाता है कि जब चेतन आनंद ने फिल्में बनाना छोड़ दिया था तो प्रिया का करियर ठप्प हो गया था।