नगर प्रतिनिधि, रीवा
दुष्कर्म का शिकार हुई पीडि़ता की हालत लगगातार बिगडऩे के बाद आज उसकी मौत हो गई। इलाज में जुटे चिकित्सकों की माने तो उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी और उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था। संजय गांधी अस्पताल के सीएमओ डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि दुष्कर्म पीडि़ता ने जहर खा कर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, जिसे गंभीर अवस्था में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल पीडि़ता 7 माह की गर्भवती भी थी, जिसने इलाज के दौरान आज दम तोड़ दिया।
क्या है पूरा मामला
बीती 4 जुलाई को मैहर जिले के मुकुंदपुर में नाबालिग युवती ने जहर खाकर आत्महत्या करने की नाकाम कोशिश की थी और उसे गंभीर अवस्था में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दुष्कर्म का कथित आरोपी पीडि़ता का रिश्तेदार बताया जा रहा है। अस्पताल चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, दुष्कर्म की घटना अप्रैल 2023 की बताई जा रही है। पीडि़ता ने इसकी जानकारी पहले अपने घर वालों को भी नहीं दी थी। हालांकि गर्भ ठहरने के बाद शरीर में आ रहे परिवर्तन को देखते हुए पहली बार पीडि़ता की मां को संदेह हुआ। पूछे जाने पर उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपनी मां को दिया हालांकि बदनामी के डर के कारण उसने जहर खाकर आत्महत्या करने की नाकाम कोशिश भी की। ताला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी के परिजन ने शादी से मना किया
पुलिस के मुताबिक, गर्भवती होने के बाद लडक़ी अंदर से टूट गई थी उसे एक ही उपाय नजर आ रहा था कि उसी युवक से शादी कर ले, जिसने उसके साथ रेप किया है। उसने युवक से शादी करने का कहा। वह उसे बाइक से अपने घर मुकुंदपुर ले आया। युवक के घरवालों ने भाई-बहन के रिश्ते का हवाला देकर दोनों की शादी कराने से इनकार कर दिया। लडक़ी के साथ बुरा बर्ताव करते हुए घर से निकल जाने को कहा। इसके बाद लडक़ी ने मुकुंदपुर के बाजार में एक दुकान से जहर खरीदकर खा लिया।