निपनिया से पुष्पराज नगर तक नदी के दूसरे किनारे रिवर फ्रंट का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा : राजेन्द्र
शहरवासियों से अपील – इन संरचनाओं को सुरक्षित रखने में अपना योगदान दें
विशेष संवाददाता, रीवा
आने वाले दिनों में बीहर नदी के बड़ी पुल क्षेत्र से किला के पीछे राजघाट तक क्रूज़ चलेगा, जो रीवा के लिए एक आकर्षण का केंद्र बिंदु तो रहेगा ही, पर्यटकों के लिए भी आनंददाई पल देगा। यह बात आज प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने निपनिया में रिवर फ्रंट भाग दो के लोकार्पण अवसर पर कही।
श्री शुक्ल ने कहा कि पचमठा धाम स्थित निषादराज घाट से कोतवाली घाट तक बीहर रिवर फ्रंट के बन जाने से नदी के एक तरफ के रिवर फ्रंट का कार्य पूर्ण हो चुका है। आगामी चरण में निपनिया से पुष्पराज नगर तक नदी के दूसरे किनारे रिवर फ्रंट का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। आने वाले समय में बड़ी पुल के पास एनिकट बनाकर पानी में बाबा घाट से राजघाट तक क्रूज भी चलाया जाएगा। इस दौरान वे पैदल ही निषादराज घाट से कोतवाली घाट तक गए। इससे पूर्व बीहर रिवर फ्रंट भाग एक आमजनों के लिए लोकार्पित किया जा चुका है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटक व रीवावासी रिवर फ्रंट से कलकल बहती बीहर नदी के अप्रतिम सौन्दर्य को करीब से निहार सकेंगे। रिवर फ्रंट का रखरखाव का दायित्व निर्धारित कर दिया गया है। व्यवस्थित ढंग से इसका रखरखाव हो। उन्होंने कहा कि पचमठा धाम जागृत स्थल है। आदि शंकराचार्य जी के चरण यहाँ पर पड़े थे। इसका वैभव पुनर्स्थापित हुआ है। उपेक्षा पर आस्था की विजय हुई है। यहाँ होने वाली बीहर आरती का दृश्य अद्भुत होता है। श्री शुक्ल ने कहा कि भगवत कृपा से ही रीवा में विकास के कार्य हो रहे हैं। भगवान के स्थलों के जागृत होने से रीवा लगातार आगे बढ़ रहा है। रीवा में बनने वाली अधोसंरचनाओं व निर्माण कार्यों की देश एवं प्रदेश स्तर पर प्रशंसा हुई है। शहरवासियों का भी दायित्व है कि वह इन संरचनाओं को व्यवस्थित व सुरक्षित रखने में अपना योगदान दें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आपरेशन सिंदूर से भारत ने अपनी ताकत दिखाई है। एकजुटता के साथ भारत आगे बढ़ रहा है। हमारा देश परम वैभव पर पहुंचकर विश्व का नेतृत्व करेगा। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ एवं हनुमान जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि आदर्श नगर में गौरवपूर्ण जीवन जीने के लिए उस शहर का समन्वित विकास आवश्यक है। उप मुख्यमंत्री के संकल्प से रीवा में आधारभूत संरचनाओं, पार्कों का विकास तथा रिवर फ्रंट की सौगात मिली है। उन्होंने रीवा में स्वच्छ हवा व स्वच्छ पानी के इंतजाम के लिए उप मुख्यमंत्री को साधुवाद दिया।
इस अवसर पर जिला भाजपाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि ऐतिहासिक रिवर फ्रंट रीवा के लिए सौगात है। कार्यक्रम में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े ने कहा कि रिवर फ्रंट का रखरखाव नगर निगम के माध्यम से एजेंसी द्वारा कराया जाएगा। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अनवर अली मुन्ना ने रीवा के विकास के लिए उप मुख्यमंत्री को हृदय से साधुवाद दिया। मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल द्वारा आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में दीनानाथ वर्मा, हेमलता सिंह, सूरज केवट, सहायक यंत्री हिमांशु वर्मा सहित पार्षदगण, गणमान्य नागरिक व आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजगोपाल मिश्रचारी ने किया।