नगर प्रतिनिधिर, रीवा
रीवा में खस्ताहाल सडक़ से परेशान होकर स्थानीय रहवासियों ने शुक्रवार को चक्का जाम कर दिया। लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से धूल और कीचड़ वाली सडक़ पर चलने को मजबूर हैं। प्रशासन के कई बार आश्वासन के बाद भी जब सडक़ का निर्माण नहीं हुआ तो परेशान स्थानीय लोगों ने चक्का जाम किया। आनन-फानन में नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर 10 दिन में सडक़ बनाने का आश्वासन दिया है। स्थानीय निवासी अशोक मालानी ने बताया कि रीवा नगर निगम वार्ड 8 में नीम चौराहा से मनकहरी मार्ग की हालत करीब एक साल से खराब है। सीवरेज का काम करने वाली कंपनी ने करीब 300 मीटर सडक़ खोदी और रिपेयर किए बिना ही छोड़ दिया। एक साल से सडक़ की समस्या से जूझ रहे उन्होंने कहा बारिश के मौसम में बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ हो जाने के कारण क्षेत्र के लोगों को निकलने में असुविधा का सामना करना पड़ा। अब जब बारिश का मौसम बीत गया तो धूल से लोग परेशान हैं। हम सभी स्थानीय लोग करीब एक साल से सडक़ की समस्या से परेशान थे।
सडक़ को बंद कर चक्का जाम किया
बताया गया है कि इस दौरान नगर निगम सहित कलेक्टर को सडक़ की मरम्मत के लिए आधा दर्जन शिकायत की गईं। लेकिन हर बार गड्ढे पाटने की रस्म अदा कर जिम्मेदार गायब हो गए। लगातार सडक़ की समस्या से जूझ रहे क्षेत्र वासियों को जब कहीं से कोई राहत नहीं मिली तो आज उन्होंने आंदोलन किया। सडक़ को बंद कर चक्का जाम कर दिया। जिसके बाद नगर निगम के अधिकारियों ने हमें दस दिन में सडक़ बनवाने का वादा किया है। नगर निगम कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्या को सुना गया है। नगर निगम जल्द लोगों की सडक़ संबंधी समस्या का समाधान करेगा। उन्होंने बताया आश्वासन के बाद सभी लोग मान गए हैं।