उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने ली समीक्षा बैठक, 1 साल में पूरा करना है काम
फोरलेन सडक़ निर्माण की सभी तैयारियाँ 31 अक्टूबर तक पूरी कर लें : शुक्ला
विशेष संवाददाता , रीवा
चोरहटा से रतहरा बाईपास के फोर लेन निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो चुका है। सरकार की ओर से अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। रीवा से प्रयागराज मार्ग को जोडऩे वाला यह बाईपास टू लेन का हुआ करता था, जो अब फोर लेन का हो जाएगा। फोर लेन निर्माण की शुरुआत चोरहटा से होगी जहां पर फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद लगभग 12 किलोमीटर का यह फोर लेन होगा। इस फोरलेन के दोनों और 7 मीटर का सर्विस लेन भी बनाया जाएगा। जहां पर अंडर ब्रिज शामिल होंगे वहां पर दोनों ओर से आने-जाने की भी व्यवस्थाएं रहेगी
उक्त सम्बंध में कमिश्नर कार्यालय सभागार में एक बैठक हुईं जिसमे उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रीवा बाईपास बहुत महत्वपूर्ण सडक़ है। इसके फोरलेन में चौड़ीकरण का कार्य स्वीकृत हो गया है। डिवाइडर के साथ फोरलेन सडक़ बनाई जाएगी। सडक़ के दोनों ओर सात मीटर चौड़ाई की सर्विस लेन बनेगी जिससे आसपास के गांव के वाहनों को आवागमन के लिए फोरलेन में न जाना पड़े। इसमें चोरहटा में फ्लाईओवर बनाया जाएगा जिससे बाईपास से गुजरने वाले वाहन सीधे हाईवे पर चले जाएं। शहर में जाने वाले वाहनों को सर्विस रोड से चोरहटा मॉडल रोड में प्रवेश मिलेगा। फोरलेन सडक़ का निर्माण नवम्बर माह में शुरू करने के लिए 31 अक्टूबर तक सडक़ निर्माण से जुड़ी सभी तैयारियाँ पूरी कर लें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गोपद नदी पर टू लेन पुल का निर्माण पूरा हो गया है। इसकी टेस्टिंग पूरी करके दो अक्टूबर से इसे आवागमन के लिए बहाल करें।
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण एजेंसी आवश्यक उपकरणों की तैनाती एक माह में करा ले। सडक़ निर्माण के लिए मिट्टी, पत्थर, मुरूम, रेत आदि की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। निर्माण कार्य को 12 माह की समयावधि में पूरा करने का प्रयास करें। बैठक में मध्यप्रदेश सडक़ विकास निगम के अधिकारियों ने बताया कि फोरलेन बाईपास रोड निर्माण की तैयारियाँ की जा रही हैं। निर्माण कार्य समय सीमा में पूरा किया जाएगा। सडक़ की फिलिंग के लिए मिट्टी के साथ-साथ फ्लाईएश का भी उपयोग किया जाएगा। बैठक में नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कमिश्नर बीएस जामोद, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, अपर कमिश्नर अरूण परमार, संबंधित अधिकारी तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।