मामला जिला अस्पताल के सामने का, आक्रोशित थे मृतका के मायके पक्ष के लोग
पुलिस कर रही मामले की जांच, प्रथम दृष्टया दहेज प्रताडऩा का लग रहा मामला
विशेष संवाददाता, रीवा
जिला अस्पताल रीवा में रविवार दोपहर उसे समय अप्रिय स्थिति निर्मित हो गई जब पुलिस की जीप में बैठाए गए एक कथित आरोपी पति को उसके ससुराल पक्ष से जुड़ी महिलाओं ने चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। बड़ी मुश्किल से पुलिस ने बीच बचाव किया और आरोपी युवक को लेकर सिविल लाइन थाना चली गई। तब जाकर कुछ हद तक मामला शांत हुआ। लेकिन मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद की स्थिति बनी रही।
घटना के संबंध में बताया गया है कि विंध्य विहार निवासी ऋषि मिश्रा की पत्नी दीक्षा ने बीती रात कोई कीटनाशक जहर पी लिया था। आनन फानन में उसे जिला चिकित्सालय ले जाकर भर्ती कराया गया लेकिन वहां पर उसकी मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके पक्ष को लोगों को जानकारी दी कि उनकी बेटी की हालत गंभीर है वह अस्पताल आ जाए। जब मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे तो वहां पर दीक्षा की मौत हो चुकी थी और वहीं से विवाद की स्थिति बनी। मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया की बेटी को लगातार परेशान किया जा रहा था उसके साथ मारपीट की गई है इसकी वजह से उसकी मौत हुई है। इसके अलावा दहेज प्रताडऩा का भी आरोप लगाया गया। इस बीच मृत का का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। दोपहर लगभग १२ के आसपास दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बढ़ी और पुलिस को जानकारी दी गई तो सिविल लाइन थाने की पुलिस अस्पताल पहुंच गई। क्योंकि मामला सिविल लाइन थाने से जुड़ा हुआ था। इस बीच जब पुलिस ने देखा कि विवाद की स्थिति बन रही है तो उन्होंने मृतका के पति ऋषि मिश्रा को अपनी कस्टडी में पूछताछ के लिए ले लिया तथा गाड़ी में बिठा लिया। पुलिस जब तक गाड़ी लेकर चलती तब तक मायके पक्ष की कम से कम आधा दर्जन महिलाओं ने गाड़ी को रोक लिया इसी बीच दो महिलाओं ने चप्पल उतार कर आरोपी युवक की पिटाई शुरू कर दी। इस बीच पुलिस ने बीच बचाव किया है और तत्परता के साथ वाहन को वहां से रवाना कर दिया।
इस मामले में मृतका की बहन मीनाक्षी ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने ५ लाख नगद एक तोला सोना गृहस्ती का सामान के अलावा अन्य सामग्री भी दी थी। लेकिन यह लोग दहेज के लालची थे और मेरी बहन को प्रताडि़त कर रहे थे। उसने यह भी बताया कि ३ महीने से उसकी बहन का फोन रिचार्ज नहीं कराया था। ससुराल वाले लोग कह रहे हैं की बहन ने जहर खा लिया लेकिन असलियत यह है कि ससुराल वालों ने पहले उसे पीटा था। उसके बाद अस्पताल में भर्ती कराया। इसने यह भी बताया कि बहन ने कई बार मारपीट की जानकारी उसे दी थी लेकिन यह कहती थी कि वह आत्महत्या नहीं करेगी। उसका आरोपी अभी था की मौत के कई घंटे बाद हम लोगों को जानकारी दी गई।
इस मामले में ससुराल पक्ष की ओर से मृतका के जेठ सच्चिदानंद मिश्र ने जानकारी दी कि दीक्षा ने देर रात जहर पी लिया था और जानकारी मिलने पर उन लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया था, इसके बाद उसके मायके वालों को जानकारी दी गई। उधर इस मामले की जानकारी देते हुए टीआई कमलेश साहू ने कहा कि मायके पक्ष के लोगों ने पति , सास ससुर एवं जेठ जेठानी के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम के पश्चात शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। इन्होंने यह भी स्वीकार किया कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज प्रताडऩा से जुड़ा हुआ लग रहा है विवेचना एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के पक्ष काफी कुछ स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।